रायपुर में लूट-झपटमारी पर पुलिस सख्त:4 महीनों में 24 मामले दर्ज, 20 केसों में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पिछले चार महीनों में हुई लूट के मामले और आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की है। पुलिस अधिकारियों की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार रायपुर में 4 चार महीनों में लूट और झपटमारी की कुल 24 घटनाएं हुई हैं।
इनमें से 20 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सोने की चेन, नकदी, बाइक समेत लाखों रुपए का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जनवरी में चेन स्नैचिंग का कोई मामला सामने नहीं आया। वहीं फरवरी में 3, मार्च में 1 और अप्रैल में 5 वारदातें दर्ज की गईं। इस तरह चार महीनों में चेन स्नैचिंग के कुल 9 मामले दर्ज हुए।
वहीं, पर्स झपटमारी के मार्च और अप्रैल में 2-2 मामले सामने आए। मोबाइल चोरी और मोबाइल झपटमारी के जनवरी और फरवरी में 3-3, मार्च में 1 और अप्रैल में 4 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस के अनुसार पुरानी बस्ती, डीडी नगर, टिकरापारा, तेलीबांधा, गंज, सिविल लाइन, खम्हारडीह, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र झपटमारी की घटनाओं से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। कई मामलों में बाइक सवार बदमाश राह चलते लोगों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
रायपुर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से अधिकांश मामलों को सुलझा लिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।