नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) में भाग लेंगे। साल 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के तौर पर फिलीपींस इन बैठकों की मेजबानी कर रहा है। इस यात्रा के लिए प्रधानमंत्री सोमवार को ही मनीला पहुंच चुके हैं।
49वें आसियान शिखर सम्मेलन के बीच होने वाली क्वाड समूह की बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी। करीब दो साल के अंतराल के बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेता एक साथ मंच साझा करने जा रहे हैं। इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में क्वाड नेताओं की शिखर बैठक हुई थी। मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के मनीला पहुंचने का कार्यक्रम है। इस बैठक में पीएम मोदी के साथ राष्ट्रपति ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के शामिल होने की उम्मीद है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा समीकरण, समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और चीन के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।
23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें 2026 से 2030 तक की ‘आसियान-भारत कार्य योजना’ भी शामिल है। यह मंच मौजूदा सहयोग का आकलन करने और भारत व आसियान सदस्य देशों के बीच भविष्य के रिश्तों की रूपरेखा तय करने का अवसर देगा। वहीं, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में नेता प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
कूटनीतिक बैठकों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी मनीला के सौ साल से भी अधिक पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में भी हिस्सा लेंगे। सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी इस भागीदारी की जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा कि 17 नवंबर एक बहुत ही खास दिन है और उन्हें इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्य की शुरुआत के समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा।