नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पोइला बोइशाख, रोंगाली बिहू और विशु के पावन अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बंगाली समुदाय के लोगों से कहा कि मेरी प्रार्थना है कि आने वाला वर्ष आपकी सभी मनोकामनाओं की पूर्ति लेकर आए। सुख और भाईचारे की भावना सदा बनी रहे। आपको अच्छे स्वास्थ्य और ढेर सारी खुशियों की शुभकामनाएं। उन्होंने आगे कहा कि यह पश्चिम बंगाल की उस शाश्वत समृद्ध संस्कृति का जश्न मनाने का भी अवसर है जिसने भारत की सभ्यतागत भावना को आकार दिया है।
पोइला बोइशाख, जिसे बंगला नोबो बोरशो के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन से बंगाली कैलेंडर की शुरुआत होती है। बंगाली समुदाय के लोग इस दिन को नए साल के रूप में मनाते हैं। पोइला बैसाख का अर्थ है बैसाख का पहला दिन, बंगाली चंद्र-सौर कैलेंडर का प्रारंभिक महीना जो आमतौर पर प्रत्येक वर्ष 14 या 15 अप्रैल को पड़ता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अलग-अलग पोस्टों के माध्यम से इन त्योहारों की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं असम के लोगों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आप सभी को रोंगाली बिहू की शुभकामनाएं!”
उन्होंने कहा कि यह जीवंत त्योहार नई शुरुआत, समृद्धि और एकजुटता की भावना का उत्सव मनाता है। यह त्योहार असमिया संस्कृति को खूबसूरती से प्रदर्शित करता है, जो पूरे विश्व में लोकप्रियता हासिल कर रही है। मैं आपके लिए सफलता, खुशी और उत्तम स्वास्थ्य से भरे वर्ष की प्रार्थना करता हूं।
वहीं एक अन्य एक्स पोस्ट में पीएम मोदी ने केरल के लोगों को विशु कि शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी को विशु की हार्दिक शुभकामनाएं ! उन्होंने कहा कि यह त्योहार आशा और खुशी का प्रतीक है। यह सभी के प्रति सकारात्मकता और कृतज्ञता पर बल देता है। आने वाला वर्ष आनंद, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य से परिपूर्ण हो। यह वर्ष नए अवसर, सफलता और चारों ओर शांति लेकर आए।