बेमेतरा। बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार रात कन्हेरा गांव के पास ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की जिला अस्पताल बेमेतरा में इलाज के दौरान मौत हुई।
हादसा खंडसरा चौकी क्षेत्र में हुआ। टक्कर की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति रही।
कवर्धा से शव छोड़कर रायपुर लौट रही थी एंबुलेंस
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस (CG 04 PR 4622) रायपुर के एक निजी अस्पताल की है। बताया गया है कि एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र के एक गांव में शव छोड़ने के बाद रायपुर लौट रही थी। वहीं ट्रक तिल्दा से चावल खाली कर कवर्धा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कन्हेरा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद खंडसरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।