ठगों ने यूपीआई से निकाले पैसे, मैसेज से हुआ खुलासा

रायपुर। राजधानी में चोरी और लूट के मोबाइल से साइबर फ्रॉड की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सबसे ज्यादा मामले गोलबाजार और शास्त्री मार्केट में सामने आ रहे हैं, जहां भीड़भाड़ में मोबाइल पार कर खातों से पैसे निकाले जा रहे हैं। ऐसे 10 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके बाद टिकरापारा और गंज इलाके में भी घटनाएं बढ़ी हैं।
गंज में रेलवे स्टेशन और टिकरापारा से लगा बस स्टैंड व पचपेड़ी नाका होने के कारण यहां ऐसे गिरोह सक्रिय हैं। पुलिस का दावा है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे झारखंड, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर के गिरोह सक्रिय हैं, जो अलग-अलग शहरों में घूमकर वारदात को अंजाम देते हैं।
ऐसे कर रहे फोन से फ्रॉड गिरोह मोबाइल चोरी करने के बाद सिम को दूसरे फोन में डालकर यूपीआई का पिन जनरेट कर लेते हैं, क्योंकि अधिकतर लोग सिम लॉक नहीं रखते। इसके बाद यूपीआई के जरिए ऑनलाइन शॉपिंग या सीधे पैसे ट्रांसफर कर लेते हैं। कई मामलों में नेट बैंकिंग और मोबाइल में सेव डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी का भी दुरुपयोग किया जा रहा है।