नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष का नेतृत्व पूरा करने पर बेल्जियम, नाइजीरिया और डोमिनिका के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर, डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की राजनीतिक यात्रा को रेखांकित करते हुए भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजरात से नई दिल्ली तक सरकार के नेतृत्व में लगातार 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पिछले महीने भारत की उनकी यात्रा फलदायी रही और वह दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और गहरा करने के लिए उत्सुक हैं। डी वेवर ने भारत-बेल्जियम संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष की सेवा पूरी करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा गुजरात से शुरू हुई और भारत के नेतृत्व तक पहुंची है। स्केरिट ने डोमिनिका के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की मित्रता और वहां के लोगों के प्रति दिखाई गई उदारता के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच संबंधों को आने वाले वर्षों में और मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं।
रूजवेल्ट स्केरिट ने डोमिनिका की सरकार और जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और भारत के लोगों की सेवा में निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को वह महत्व देते हैं और भविष्य में इन्हें और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने संघीय गणराज्य नाइजीरिया की सरकार और जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में लगातार 25 वर्षों तक सरकार के प्रमुख के रूप में नेतृत्व करना एक दुर्लभ उपलब्धि है। टिनुबू ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और सरकार के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।