रायपुर। रायपुर में IPL क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को पीडब्ल्यूडी ब्रिज के नीचे से पकड़ा गया। उसके कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल जब्त किया गया है।
पुलिस के मिताबिक, आरोपी का नाम स्वास्तिक अग्रवाल बताया जा रहा है। आरोपी से पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। पूरे मामले का खुलासा तेलीबांधा पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे।
तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, उसने गूगल के माध्यम से readybook.green वेबसाइट पर अपने मोबाइल नंबर से आईडी बनाई थी। उसका यूजर नेम “swastik29” था। इसी आईडी के जरिए वह IPL मैचों में हार-जीत पर रुपए का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा था।
खरोरा निवासी चेतन से खरीदी आईडी
आरोपी ने पुलिस को बताया कि, कुछ दिन पहले उसके परिचित खरोरा निवासी चेतन ने क्रिकेट मैच में सट्टा खेलने के लिए उससे आईडी मांगी थी। इसके बाद उसने अपनी आईडी चेतन को दे दी। चेतन ने उसी आईडी पर अलग पासवर्ड बनाकर IPL मैचों में ऑनलाइन सट्टा खेलना शुरू कर दिया।
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन में “swastik29” नाम की आईडी एक्टिव मिली। मोबाइल में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कई डिजिटल सबूत भी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया। आरोपी चेतन की तलाश पुलिस कर रही है।