पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता के मुरीद हुए ट्रंप, बोले- बहुत सख्त व्यक्ति हैं

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘बहुत सख्त व्यक्ति’ बताया। मनीला में क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि चार देशों के इस समूह के नेताओं के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध काफी अच्छे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को अपना करीबी मित्र बताया।

प्रधानमंत्री मोदी, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के इन तीनों देशों के साथ शुरुआत से ही मजबूत संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा, “इन नेताओं और उनके देशों के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं। ये संबंध शुरुआत से ही रहे हैं। मैं इन तीनों नेताओं के साथ लंबे समय से जुड़ा हूं। ये सभी असाधारण व्यक्ति हैं और मेरे मित्र हैं। इससे काफी मदद मिलती है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की नेतृत्व शैली का जिक्र करते हुए ट्रंप ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “वैसे, वह (पीएम नरेंद्र मोदी) बहुत सख्त व्यक्ति हैं, यह बात ध्यान में रखिए और वह (सनाए ताकाइची) तो शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं। हम भी ठीक-ठाक हैं।” ट्रंप ने यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी की ओर इशारा करते हुए की। इसके बाद उन्होंने जापानी प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता का भी उल्लेख किया।

मनीला में आयोजित यह बैठक 2024 के बाद पहली आमने-सामने की क्वाड नेताओं की शिखर बैठक रही। ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल में भी चारों देशों के नेताओं की यह पहली ऐसी बैठक थी। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। इससे पहले 21 सितंबर 2024 को अमेरिका के डेलावेयर स्थित विलमिंगटन में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन की मेजबानी में क्वाड नेताओं की आमने-सामने बैठक हुई थी। उस बैठक की संयुक्त घोषणा में वर्ष 2025 में अगले क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत को सौंपने की परिकल्पना की गई थी। साथ ही घोषणा में कहा गया था कि ‘क्वाड बना रहेगा’।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ मिनरल्स) की आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने के लिए क्वाड देशों के बीच सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका दुर्लभ खनिजों का उत्पादन अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा रहा है और अगले 10 महीनों में प्रमुख वैश्विक आपूर्तिकर्ताओं की बराबरी कर लेगा। ट्रंप ने कहा, “हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। हम पहले कभी नहीं किए गए स्तर पर दुर्लभ खनिजों का उत्पादन कर रहे हैं। हम 10 महीनों में उनकी बराबरी कर लेंगे। हमें जिन चीजों की जरूरत है, वे सभी 10 महीनों में हमारे पास होंगी। दुर्लभ खनिजों के मामले में हम बड़े पैमाने पर उत्पादन कर रहे हैं और जापान तथा भारत भी ऐसा कर रहे हैं।”