युवा मोर्चा अटल नगर में अध्यक्ष नियुक्ति पर बवाल, नए युवाओं को मौका नहीं मिलने पर आपत्ति

अटल नगर। युवा मोर्चा अटल नगर में अध्यक्ष पद पर महेश यादव की नियुक्ति को लेकर क्षेत्र के युवाओं में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।
इस पूरे मामले पर देव साहू ने खुलकर विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि संगठन के नियमों के अनुसार युवा मोर्चा में अध्यक्ष पद पर केवल 35 वर्ष तक के युवाओं को ही अवसर दिया जाना चाहिए था, जबकि महेश यादव की आयु 35 वर्ष 8 माह बताई जा रही है।
देव साहू ने आगे कहा कि जब मेन बॉडी का चुनाव किया जा रहा था, तब भी महेश यादव ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की थी। साथ ही वे पूर्व में मंदिर हसौद मंडल में युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। ऐसे में किसी नए युवा चेहरे को अवसर दिया जाना ज्यादा उपयुक्त होता।
साथ ही देव साहू ने यह भी कहा कि अब तक युवा मोर्चा में
साहू समाज एवं सतनामी समाज से किसी भी युवा को अध्यक्ष बनने का अवसर नहीं दिया गया है, जो सामाजिक संतुलन और समान अवसर की भावना के विपरीत है।
देव साहू ने कहा — “युवा मोर्चा का उद्देश्य नए और योग्य युवाओं को नेतृत्व का अवसर देना है। निर्धारित आयु सीमा का उल्लंघन कर की गई यह नियुक्ति संगठन की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य दोनों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।”
उन्होंने संगठन के शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि इस निर्णय पर पुनर्विचार कर नियमों के अनुरूप तथा सभी वर्गों को समान अवसर देते हुए योग्य युवा चेहरे को ही अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी जाए।
यह पूरा मामला युवा मोर्चा अटल नगर मंडल से जुड़ा हुआ है और क्षेत्र के युवाओं में इसे लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।