नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को राज्यसभा का नामित सदस्य नियुक्त कर दिया है। गृह मंत्रालय की शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, हरिवंश नारायण सिंह को भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुई सीट पर मनोनीत किया गया है। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हुआ था।
उनकी यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (1) के उपखंड (a) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, तथा उसी अनुच्छेद के खंड (3) के तहत की गई है।
हरिवंश नारायण सिंह एक अनुभवी पत्रकार के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने लंबे समय तक हिंदी दैनिक ‘प्रभात खबर’ के प्रधान संपादक के पद पर कार्य किया। पत्रकारिता क्षेत्र में उनकी अलग पहचान रही है। 2014 में वे जनता दल (यूनाइटेड) के टिकट पर बिहार से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे।
संसद में उनकी कार्यशैली संतुलित और शांतिपूर्ण मानी जाती है। वे 9 अगस्त 2018 को पहली बार राज्यसभा के उपसभापति बने और फिर 14 सितंबर 2020 को दोबारा इस पद पर निर्वाचित हुए। उपसभापति के रूप में उन्होंने संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस बार राष्ट्रपति द्वारा सीधे नामित किए जाने के साथ ही हरिवंश नारायण सिंह राज्यसभा में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।