रामोजी राव ने पत्रकारिता में मूल्यों को स्थापित किया, उनके नाम से जुड़े पुरस्कार का विशेष महत्व: अमित शाह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स समारोह-2026 को संबोधित किया। उन्होंने रामोजी राव की 90वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि रामोजी राव जैसे कुछ ही लोग होते हैं, जो अपने जीवनकाल में ही एक संस्था बन जाते हैं। उनका योगदान हमेशा देश को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि एक गरीब किसान परिवार में जन्मे रामोजी राव ने बिना किसी सहारे के ‘ईनाडु’ अखबार शुरू किया और हर तेलुगु घर तक सुबह की पहली आवाज के रूप में सच पहुंचाया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और के. राम मोहन नायडू, राज्य के उपमुख्यमंत्री के. पवन कल्याण सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव को देश के कोने-कोने की जानकारी रहती थी। देश की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर उनके विचार स्पष्ट होते थे। वह अपनी राय बेबाकी से रखने का साहस रखते थे। शाह ने कहा कि वह रामोजी राव से चार बार मिले थे और उनके व्यक्तित्व तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों की गहरी समझ से काफी प्रभावित हुए थे। कृषि, शिक्षा, फिल्म निर्माण और मीडिया जैसे क्षेत्रों में उनका योगदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि रामोजी राव का जन्म कृष्णा जिले के एक गरीब परिवार में हुआ था। उनके पास न कोई विरासत थी, न संसाधन और न ही पत्रकारिता की डिग्री। इसके बावजूद उनके पास स्पष्ट विजन और अटूट संकल्प था। उन्होंने ‘ईनाडु’ अखबार शुरू कर पाठकों तक सच पहुंचाने का प्रयास किया। शाह ने कहा कि पत्रकारिता जगत में मीडिया समूह के नेतृत्व और योगदान के लिहाज से रामोजी राव की तुलना रामनाथ गोयनका से की जा सकती है।
अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव ने बदलते समय और तकनीक के साथ हमेशा कदम मिलाया। उन्होंने तेलुगु के साथ देश की अनेक क्षेत्रीय भाषाओं में ETV नेटवर्क की शुरुआत की। उस दौर में क्षेत्रीय भाषाओं में 24 घंटे के न्यूज चैनल चलाने की कल्पना करना भी मुश्किल था। रामोजी राव ने इस सोच को हकीकत में बदला और विभिन्न भाषाओं के दर्शकों तक समाचार पहुंचाए। शाह ने बताया कि रामोजी राव मोबाइल पर टीवी चैनल शुरू करना चाहते थे और आज उनके चैनल मोबाइल पर भी उपलब्ध हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि करियर के लिए संघर्ष करने वाले बहुत लोग होते हैं, लेकिन मूल्यों के लिए संघर्ष करने वाले ही महान बनते हैं। रामोजी राव ने अपने जीवन में मूल्यों को स्थापित करने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने आर्थिक नुकसान और तमाम कठिनाइयों के बावजूद अपने समाचार चैनलों को निष्पक्ष बनाए रखा और पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बनाए रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि रामोजी राव की मान्यता थी कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ वास्तविक अर्थों में पत्रकारिता ही है।
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2016 में रामोजी राव को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उस समय गुजरात के एक प्रमुख गुजराती समाचार पत्र ने लिखा था कि यह सम्मान केवल रामोजी राव का नहीं, बल्कि पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा और तेलुगु गौरव का सम्मान है। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने केवल न्यूज इंडस्ट्री नहीं बनाई, बल्कि ऐसे संस्थान खड़े किए, जो उनके नहीं रहने के बाद भी उनके स्थापित मूल्यों पर काम कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि रामोजी राव का योगदान फिल्म इंडस्ट्री में भी बेहद महत्वपूर्ण रहा है। रामोजी फिल्म सिटी के बिना किसी भी भाषा की फिल्म इंडस्ट्री की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराया, जहां पैसा और कला लेकर आने के बाद फिल्म निर्माण से जुड़ी तमाम सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकती हैं।
अमित शाह ने कहा कि रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स के तहत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, युवा आइकन, मानवता की सेवा, कला एवं संस्कृति, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण विकास, पत्रकारिता और महिला उपलब्धि सहित नौ क्षेत्रों में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वालों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में उन्हें कई और पुरस्कार मिल सकते हैं, लेकिन रामोजी राव के नाम से जुड़े पुरस्कार का अपना विशेष महत्व है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि देश ने लंबे समय बाद स्थिरता, निरंतरता और निर्णायक नेतृत्व देखा है। पहले जिस पॉलिसी पैरालिसिस की चर्चा होती थी, उसकी जगह अब परफॉर्मेंस की राजनीति और नीतियों पर आधारित विकास ने ले ली है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को समाप्त करने, नक्सलवाद की समस्या से निपटने, आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण काम हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि रूस-यूक्रेन और अमेरिका सहित विभिन्न देशों के बीच जारी युद्धों के बावजूद भारत की विकास दर को लेकर सकारात्मक अनुमान सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मूडीज ने वर्ष 2026-27 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 7% किया है। वर्ष 2025-26 में भारत ने 863 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया और अब लक्ष्य 1 ट्रिलियन डॉलर का है। उन्होंने कहा कि भारत इस्पात उत्पादन में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। वर्ष 2014 की तुलना में इस्पात उत्पादन में 90% की वृद्धि हुई है। भारतनेट के तहत ग्राम पंचायतों की कनेक्टिविटी में भी विस्तार हुआ है। उनके अनुसार, वर्ष 2014 में 58 ग्राम पंचायतें भारतनेट से जुड़ी थीं, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 2.15 लाख हो गई है। देश के 98% गांवों तक 4जी कनेक्टिविटी पहुंच चुकी है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत ने पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से दुनिया की सबसे लंबी और अधिक क्षमता वाली हाइड्रोजन ट्रेन का निर्माण किया है और इसका संचालन भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 76 हवाई अड्डे थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 150 हो गई है। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में 50 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल के आंकड़ों का लगातार अध्ययन कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि आने वाले 10 वर्षों में आंध्र प्रदेश देश का सबसे विकसित राज्य बनेगा।
शाह ने कहा कि विशाखापत्तनम में गूगल का 15 अरब डॉलर का AI हब स्थापित होना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। अमेरिका के बाहर गूगल का यह सबसे बड़ा AI हब होगा। इसके साथ एक गीगावाट क्षमता वाला डेटा सेंटर और समुद्र के नीचे बिछी केबल के लिए नया गेटवे भी राज्य में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर इकाई की आधारशिला रखी गई है और बड़े इस्पात कारखाने भी स्थापित हुए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और उसी दिन 18,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास भी हुआ। उन्होंने कहा कि इन पहलों को देखते हुए कहा जा सकता है कि चंद्रबाबू नायडू ने ढाई वर्षों में 30 लाख करोड़ रुपए के निवेश को धरातल पर उतारने का काम किया है।