नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर फिलीपींस के लिए रवाना हुए। वे मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईस्ट एशिया समिट) में भाग लेंगे।
यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, “मैं आज और कल फिलीपींस के मनीला में रहूंगा, जहां मैं 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लूंगा।”
उन्होंने आगे लिखा, “भारत, आसियान देशों के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को बहुत अधिक महत्व देता है। मैं फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।”
भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुष्टि करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16-17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस के मनीला के 2 दिवसीय दौरे पर रवाना हुए हैं।”
मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से आसियान देशों के साथ भारत की साझेदारी और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।
आसियान में भारत के राजदूत श्रीनिवास गोत्रू ने कहा कि यात्रा के दौरान निश्चित रूप से कुछ ठोस परिणामों की घोषणा होगी। नेताओं की मुलाकात के बाद आने वाले दिनों में चर्चा होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे द्विपक्षीय और क्षेत्रीय संबंधों को नई गति मिलेगी।
गोत्रू ने बताया कि यह वार्षिक शिखर प्रक्रिया है, जिसमें नेता आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के द्विपक्षीय प्रारूप और क्षेत्रीय प्रारूप दोनों में समय बिताते हैं। उन्होंने कहा कि आसियान के सभी सदस्यों के साथ नेतृत्व स्तर पर लगातार उच्च स्तरीय संवाद हुआ है, जिससे मुद्दों को सुलझाने और रिश्तों को अगले स्तर तक ले जाने में मदद मिली है।