रायपुर: आदिम जाति और कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम आज कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम छापरपारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह में अपनी धर्मपत्नी पुष्पा नेताम के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं गोंडवाना संस्कृति के अनुरूप देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर सेवा अर्जी की गई। कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशाराम नेताम, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आदिवासी संस्कृति प्राचीन, समृद्ध, गौरवशाली और विशिष्ट पहचान वाली संस्कृति है। इसकी परंपराओं, रीति-रिवाजों और जीवन मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमारी संस्कृति समाज के लोगों को आपस में जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि गोंड समाज एक बड़ा सामाजिक समुदाय है और समाज की व्यापकता के साथ उसकी जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। समाज के लोगों को एकजुट होकर अपनी समस्याओं का समाधान करना चाहिए तथा शिक्षा, जागरूकता और आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। मंत्री नेताम ने कहा कि कांकेर जिला शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और यहां से समाज का नेतृत्व करने वाले अनेक लोग सामने आए हैं। समाज की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं और भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी सहयोग, सामाजिक सद्भाव और जागरूकता के साथ विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि गोंडवाना समाज में नवाखाई पर्व के पश्चात ठाकुर जोहारनी का आयोजन किया जाता है। यह पारंपरिक पर्व समाज के लोगों के आपसी मेल-मिलाप, सम्मान और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उपस्थित समाजजनों को जोहार करते हुए ठाकुर जोहारनी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष नरहरपुर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए थे। इस वर्ष विकासखंड की बासनवाही ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम छापरपारा में यह आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने पशुधन विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, कृषि विभाग तथा कृषि अभियांत्रिकी विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर, आदिवासी विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। इसके पश्चात मंत्री नेताम ने गोंडवाना भवन परिसर में आंगा देव के दर्शन कर सेवा अर्पित की, साथ ही बूढ़ादेव मंदिर में भी पूजा-अर्चना किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा गत वर्ष नरहरपुर में आयोजित ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह के दौरान गोंडवाना भवन में 10 लाख रुपये की लागत से टिन शेड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। जिसके पालन में ग्राम छापरपारा के गोड़वाना भवन में निर्मित टिना शेड का लोकार्पण आज मंत्री श्री रामविचार नेताम द्वारा किया गया। टिन शेड के निर्माण से सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन में समाजजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी, सुमित्रा मारकोले, गोंडवाना समाज के ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर सगेसिंह वट्टी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर,कपूरचंद कुंजाम, गणेश कोड़ोपी, गरियाबंद जिले से लोकेश्वरी नेताम, आर.एन. ध्रुव, हेमलाल मरकाम, पवन नेताम सहित समाज के प्रमुख, गायता, पुजारी, ग्राम पटेल, वैद्यराज संघ के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।