पीएम मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज की अहम बैठक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी मजबूत करने पर जोर

नई दिल्ली। पांच दिवसीय भारत दौरे पर आईं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विस्तृत और व्यापक बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-वेनेजुएला द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवाओं और ऑटोमोबाइल उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों ने आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि दीर्घकालिक और पारस्परिक लाभ सुनिश्चित किए जा सकें।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत और वेनेजुएला के बीच सहयोग को और सशक्त बनाना आवश्यक है।
बैठक में ‘ग्लोबल साउथ’ के हितों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों नेताओं ने माना कि विकासशील देशों को आर्थिक स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए।
इससे पहले डेल्सी रोड्रिगेज ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की। बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नई दिल्ली में डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात कर उन्हें खुशी हुई और भारत-वेनेजुएला संबंधों को मजबूत करने में उनके लंबे समय से दिए गए योगदान की वह सराहना करते हैं।
रोड्रिगेज बुधवार को पांच दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंची थीं। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करना है। विदेश मंत्रालय ने उनके स्वागत में कहा कि यह दौरा भारत और वेनेजुएला के रिश्तों को नई मजबूती देगा तथा द्विपक्षीय साझेदारी को नई गति प्रदान करेगा।
भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा और निवेश क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग रहा है। भारतीय सरकारी कंपनियों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश किया है और भविष्य में इस सहयोग को और विस्तार देने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।