रायपुर के लक्ष्य ज्वेलर्स में चोरी करने वाला पकड़ाया

रायपुर। रायपुर के शंकर नगर इलाके में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में करीब 90 लाख रुपए की चोरी हुई है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक आदतन चोर है, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।
दरअसल, घटना लक्ष्य ज्वेलर्स में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। दो नकाबपोश बदमाश बाइक से दुकान पहुंचे और कटर से ताला काटकर अंदर घुस गए। करीब आधे घंटे तक दुकान के भीतर रहे और सोने के जेवर बैग में भरकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी की जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दुकान खुलते ही वारदात का पता चला।
सूचना मिलते ही नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुकान के CCTV फुटेज में दोनों आरोपी आराम से चोरी करते नजर आए। खास बात यह रही कि चोरों ने केवल सोने के जेवरों पर हाथ साफ किया, जबकि चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को नहीं छुआ।
गांधी नगर-काली नगर रोड में रुका डॉग स्क्वॉड
जांच के दौरान फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। डॉग दुकान से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर रोड तक पहुंचा और वहीं जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में दबिश शुरू की। देर रात कालीनगर इलाके से एक पुराने चोर को हिरासत में लिया गया। उसके पास से कुछ सोने के जेवर भी बरामद किए गए हैं।