भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके मासूम बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की क्रूरता और परिस्थितियों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है, जब STF में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव किसी काम से रेलवे स्टेशन गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी महिला घर पहुंची और मौका पाकर अंदर घुस गई। घर के भीतर उस समय उनकी पत्नी रीना यादव और चारों बच्चे मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने सबसे पहले सो रहे 9 वर्षीय बच्चे पर चाकू से हमला किया और उस पर करीब 14 वार किए। इसके बाद उसने रीना यादव पर भी ताबड़तोड़ हमला किया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ घर का दृश्य इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।
हमले के दौरान रीना यादव ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी महिला का पैर पकड़ लिया और अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। इस दौरान एक बेटी किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचा पाई। दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
जैसे ही पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी। भीड़ के गुस्से के बीच आरोपी को किसी तरह पुलिस के हवाले किया गया।