रायपुर शहर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, कई नए चेहरों को मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए रायपुर शहर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज की अनुमति के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन ने अपनी टीम का गठन किया है। नई कार्यकारिणी में संतुलन और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया गया है।
घोषित कार्यकारिणी में कुल 61 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें 12 उपाध्यक्ष, 19 महामंत्री, 20 सचिव और 10 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए पदों का वितरण किया गया है।
नए चेहरों को प्राथमिकता, पुराने कई बाहर
इस बार की कार्यकारिणी में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, जबकि पिछली कार्यकारिणी के कई पदाधिकारियों को शामिल नहीं किया गया है। इससे यह संकेत मिलता है कि संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार नई टीम का गठन संगठन के विस्तार, जमीनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। शहर स्तर पर कांग्रेस को और सक्रिय बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर रणनीति
नई कार्यकारिणी का गठन आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनसंपर्क अभियान को भी तेज किया जाए, ताकि आम जनता तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।