दुर्ग। थाना जामुल पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम खेदामारा के नहर किनारे मैदान में की गई, जहां आरोपी IPL मैचों पर “BET BHAI 9” लिंक के माध्यम से सट्टा चला रहे थे।
पुलिस को 5 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर तत्काल रेड कार्रवाई की गई। मौके पर तीनों आरोपी मोबाइल के जरिए सट्टा खेलते पाए गए। आरोपियों की पहचान डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28), कुलेश्वर पटेल (28) और दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23) के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन (iPhone 14 Pro Max सहित), एक क्रेटा कार और एक स्कूटी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.06 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल जांच में 2.5 से 3 लाख रुपये तक के ऑनलाइन लेनदेन के साक्ष्य भी मिले हैं।
मामले में अपराध क्रमांक 220/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिबंध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी लगातार लोकेशन बदलकर कार और स्कूटी के जरिए सट्टा संचालित करते थे, ताकि पकड़ से बच सकें।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।